Wednesday, October 21st, 2026

पटना हाईकोर्ट ने रेप के बाद नाबालिग को जिंदा जलाने के मामले में लिया संज्ञान, रिपोर्ट तलब की

मुजफ्फरपुर
बिहार के मुजफ़्फरपुर जिले के साहेबगंज के एक गांव में नाबालिग लड़की के साथ रेप के बाद जिंदा जलाने का मामला अब भी चर्चा में है। इस मामले में पटना हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया है। हाईकोर्ट के जज सह बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के कार्यकारी अध्यक्ष ने मामले में संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट तलब की है। इस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने एसएसपी से रिपोर्ट मांगी है। इसके अलावा प्राधिकार ने पारा लिगल वोलंटियर को पीड़िता के घर भेजा है। प्राधिकार के स्तर से मृत लड़की के परिजन को कानूनी सहायता व मुआवजा उपलब्ध कराया जायेगा। प्राधिकार के स्तर से परिजन को नि: शुल्क अधिवक्ता आदि कानूनी मदद दी जायेगी। इसके लिए घटना से संबंधित एफआईआर, केस डायरी व चार्जशीट आदि मांगी गई है। रेप के बाद पीड़िता को जिंदा जला देने की घटना को प्राधिकार ने बेहद गंभीर माना है।  मामला हाईकोर्ट के संज्ञान में आने से आरोपितों पर शिकंजा और कस गया है।

साथ ही अब पुलिस के स्तर से घटना की शीघ्र जांच व कार्रवाई करनी होगी। घटना तीन जनवरी को घटी। मामले को 10 दिनों तक दबा दिया गया। आरोपितों को बचाने के लिए कई बार पंचायत कर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की गई। लड़की के पिता पंजाब में मजदूरी करते थे जो घटना की सूचना पर घर लौटे। उसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।  लड़की के साथ रेप व जिंदा जला देने के मामले में पुलिस सभी छह आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। 12 जनवरी को एफआईआर होने के बाद पुलिस ने 13 जनवरी को गुलशन कुमार, अभिनव कुमार, आदित्य कुमार व राजा कुमार समेत छह को गिरफ्तार किया। साथ ही पीड़िता के शव को साहेबगंज के दियारा में नदी किनारे से गड्ढा खोदकर निकाला गया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस जांच को आगे बढ़ाते हुए चार्जशीट की तैयारी कर रही है।

 

#पटना हाईकोर्ट

Source : Agency

पाठको की राय